अयोध्या की तर्ज पर धर्मनगरी मथुरा में भी दीपावली के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि और ठाकुर केशव देव मंदिर दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ दीप प्रज्वलित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सनातनी और ब्रजवासी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के समक्ष दीप जलाकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। दीपों की जगमगाहट और भक्ति के माहौल ने पूरे परिसर को आलौकिक स्वरूप प्रदान किया। श्रद्धालुओं में दीपोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। दीपोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों का विकास और उनका कायाकल्प तेजी से हुआ है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक नगरों में हो रहे विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। इस मौके पर मथुरा-वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा ने भी दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव में सहभागिता की। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए कराए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संवारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दीपोत्सव ने एक बार फिर मथुरा की धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपरा की भव्यता को प्रदर्शित किया।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.