संभल के चंदौसी में दीपावली के त्योहार को लेकर शनिवार को डीएम अंकित खंडेलवाल और एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने दो किलोमीटर तक पैदल गश्त की। अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस फ्लैग मार्च में अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों और सर्राफा मार्केट की सुरक्षा व्यवस्था देखी। व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान फुब्बारा चौक पर मिट्टी के दीये और खिलौने बेच रहे बच्चों से अधिकारियों ने खरीदारी भी की। डीएम-एसपी ने बच्चों से 100-100 मिट्टी के दीये खरीदे और उन्हें मिठाई के डिब्बे दिए। वहीं, पीएसी और आरआरएफ के जवानों को भी मिठाई बांटी। प्रमुख बाजारों से होकर निकला फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार से शुरू हुआ। इसके बाद फुब्बारा चौक, मुरादाबाद गेट, घंटाघर, बड़ा बाजार, ब्रह्म बाजार, गोपाल मोहल्ला, मजदूर अड्डा और हुसैनी बाजार होते हुए कोतवाली पहुंचा। इस दौरान एसडीएम आशुतोष तिवारी और सीओ विवेक जावला ने बच्चों से मिट्टी की गुल्लक खरीदी। अधिकारियों ने दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता डीएम अंकित खंडेलवाल ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए फ्लैग मार्च किया गया। प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट और धर्मस्थलों के आसपास गश्त की गई। व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी गईं। महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। सादे कपड़ों में भी तैनात पुलिसकर्मी एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि धनतेरस का पर्व सकुशल संपन्न हुआ है। जिले के सभी कस्बों और बाजारों में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। अधिकारी भी पैदल गश्त कर रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। बाजारों में सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि लोगों को कोई परेशानी न हो और सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों। फ्लैग मार्च में चंदौसी कोतवाली प्रभारी संत कुमार, बनियाठेर थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा, महिला दरोगा आरती सिसोदिया और इंस्पेक्टर जितेंद्र वर्मा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीएम ने लोगों से दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.