Technology
12h ago
कानपुर सेंट्रल पहुंची वंदेभारत स्लीपर ट्रेन:सांसद रमेश अवस्थी ने पायलट अरशद को पहनाई माला, हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
काशी से दिल्ली जा रही उद्घाटन स्पेशल ट्रेन शनिवार रात 8:50 बजे कानपुर पहुंची। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सांसद रमेश अवस्थी, मंत्री प्रतिभा शुक्ला और राकेश सचान समेत कई जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन का स्वागत किया। सांसद रमेश अवस्थी ने ट्रेन के चालक को माला पहनाकर सम्मानित किया। करीब 5 मिनट के ठहराव के बाद सांसद, मंत्री और विधायकों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया। प्रयागराज से पायलट अरशद खान ट्रेन लेकर कानपुर पहुंचे। कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन का पायलट बदला गया। यहां से ट्रेन अलीगढ़ होते हुए गाजियाबाद पहुंचेगी। इससे पहले शनिवार शाम को वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत स्लीपर उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया था। सांसद बोले- कानपुरवासियों को मिली बड़ी सौगात सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से कानपुर को बड़ी सौगात मिली है। बनारस में रेल मंत्री ने कानपुर में बुलेट ट्रेन का स्टेशन बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का स्टॉपेज कानपुर में देने और कानपुरवासियों की मांग पर गाजियाबाद में ठहराव सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानपुर का विकास प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगें पूरी हुई हैं। भविष्य में भी कानपुर को जरूरत के मुताबिक हर सुविधा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। स्वागत के लिए पहुंचे कई जनप्रतिनिधि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के स्वागत कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान और प्रतिभा शुक्ला, एमएलसी सलिल विश्नोई, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी और मोहम्मद हसन रूमी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।