General
116d ago हिंदी
हरदोई में महिला की फर्जी शिकायतों से ग्रामीण परेशान:50 ग्रामीणों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई, जांच के आदेश
हरदोई के टड़ियावां थाना क्षेत्र के पैंडाई गांव में एक महिला की कथित फर्जी शिकायतों से परेशान होकर 50 से अधिक ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टड़ियावां थाना अध्यक्ष को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की माधुरी पत्नी दिनेश निजी रंजिश और स्वार्थ के चलते निर्दोष लोगों पर छेड़छाड़, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों में झूठी शिकायतें दर्ज करवा रही हैं। इन बार-बार की शिकायतों के कारण गांव के सम्मानित लोगों को पुलिस थाने और चौकी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला कानून का दुरुपयोग कर गांव में भय का माहौल बना रही है, जिससे आपसी भाईचारा खत्म हो रहा है। इस मामले में वर्तमान प्रधान धीरेंद्र कुमार सहित गांव के पुरुषों और महिलाओं ने हस्ताक्षर और अंगूठा निशान लगाकर सामूहिक विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराकर झूठी शिकायतों पर रोक लगाने और निर्दोष लोगों को राहत दिलाने की मांग की है। इस दौरान ग्राम प्रधान सुरेंद्र राठौर, रामू, सागर, तुलसी, अरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, नूर मोहम्मद, इमरान, घनश्याम सहित करीब आधा सैकड़ा ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक हरदोई ने टड़ियावां थाना अध्यक्ष को जांच के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि इस सामूहिक शिकायत पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।