Business
13h ago हिंदी
3 से 25 अगस्त तक होगी रेलवे भर्ती परीक्षा:22,195 पदों पर भर्ती : 144 शहरों में 335 परीक्षा केंद्र, 52,39,620 परीक्षार्थी पंजीकृत
रेलवे भर्ती बोर्ड की लेवल वन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का शेड्यूल जारी हो गया। तीन अगस्त से 25 अगस्त तक यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। भारतीय रेलवे द्वारा स्तर-1 के कुल 22,195 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर मध्य रेलवे तथा रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) प्रयागराज द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। देशभर में यह परीक्षा 16 दिनों में 48 पारियों (Shifts) में आयोजित की जाएगी। इसके लिए देशभर के 144 शहरों में स्थित 335 परीक्षा केंद्रों पर 52,39,620 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। आरआरबी प्रयागराज के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत यह परीक्षा कुल 28 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इनमें से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और मुरादाबाद में 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जबकि शेष 03 केंद्र उत्तराखंड के रुड़की और देहरादून शहरों में बनाए गए हैं। इस व्यापक भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों एवं वर्कशॉप में 09 श्रेणियों के अंतर्गत कुल 1,183 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के लिए अफसरों की तेनाती प्रयागराज मंडल प्रयागराज मंडल के तहत प्रयागराज शहर में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां व्यवस्था और पर्यवेक्षण के लिए 16 आवश्यक रेलवे समन्वयकों (अधिकारियों) को तैनात किया गया है। इसी मंडल के कानपुर नगर में 04 परीक्षा केंद्र स्थापित हैं, जिनके लिए 07 रेलवे समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अलीगढ़ में 02 परीक्षा केंद्रों के सफल संचालन हेतु 04 रेलवे समन्वयकों की ड्यूटी लगाई गई है। आगरा मंडल आगरा मंडल के आगरा शहर में कुल 07 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 13 रेलवे समन्वयकों (अधिकारियों) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। झांसी मंडल झांसी मंडल के झाँसी शहर में 01 परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसके पर्यवेक्षण के लिए 02 आवश्यक रेलवे समन्वयकों की तैनाती की गई है। रेलवे की तैयारियों को जानिये – परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 1 रेलवे अधिकारी को केंद्र समन्वयक (Centre Coordinator) के रूप में तैनात किया गया है, जबकि बड़े परीक्षा केंद्रों पर 2-2 अधिकारियों की तैनाती की गई है। – अभ्यर्थियों की सहायता, चेकिंग एवं परीक्षा प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 1:100 के अनुपात में कर्मचारियों को तैनात किया गया है (अर्थात प्रति 100 अभ्यर्थियों पर 1 कर्मचारी)। – कंट्रोल रूम एवं 100% CCTV कवरेज: संपूर्ण परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की सीधी निगरानी में रखा जाएगा। कंट्रोल रूम के संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। – कर्मचारियों का गहन प्रशिक्षण: परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी नियमों, एसओपी (SOP) और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का पूर्ण प्रशिक्षण दिया जा चुका है। – जिला प्रशासन एवं पुलिस से समन्वय: परीक्षा तिथियों के दौरान केंद्रों के आसपास शांति, कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित ज़िला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से सहयोग और सहायता हेतु अनुरोध किया गया है।