General
14h ago
गोरखपुर में राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन को किया याद:खत्री सभा ने मनाई 145वीं जयंती, उनके आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
गोरखपुर में शनिवार को देर शाम 7:30 बजे खत्री सभा के तत्वावधान में भारत रत्न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन की 145वीं जयंती श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. पूनम टण्डन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह में मौजूद लोगों ने राजर्षि टण्डन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रभक्ति, सादगी तथा हिंदी भाषा के उत्थान के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम में सोमनाथ टण्डन ने राजर्षि पुरुषोत्तम दास टण्डन के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराने के लिए किए गए संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजर्षि टण्डन ने अपना पूरा जीवन देश, समाज और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने में समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। समारोह में हरगोविंद भण्डारी, सरदार जसपाल सिंह, डॉ. हेमन्त चोपड़ा, राकेश सोनी, रमन मल्होत्रा, सोमनाथ टण्डन, संजीव सेठ और खत्री सभा के अध्यक्ष सुभाष सेठी समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने राजर्षि टण्डन के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. हेमन्त चोपड़ा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।