संगम नगरी प्रयागराज में 8 अगस्त को केपी कॉलेज के मैदान पर आयोजित होने जा रहे राहुल गांधी के बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम छात्रों की गूंज को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के छात्रसंघ भवन परिसर से सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आधिकारिक पोस्टर जारी किए गए। हालांकि, इस पोस्टर विमोचन कार्यक्रम से ठीक पहले विश्वविद्यालय परिसर के भीतर और बाहर उस वक्त भारी तनाव और अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया, जब स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा अमले ने गेट बंद कर दिए। हंगामा बढ़ता देख गेट खोलना पड़ा और कांग्रेसियों के छात्रसंघ भवन परिसर से पोस्टर जारी किया। बुधवार की दोपहर अपराह्न तीन बजे जब कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों उत्साही एनएसयूआई कार्यकर्ता पोस्टर विमोचन के लिए छात्रसंघ भवन परिसर की ओर कूच कर रहे थे, तो सुरक्षा व्यवस्था और एहतियात का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर मुख्य प्रवेश द्वार को अंदर से बंद कर लिया गया। अचानक उठाए गए इस कदम से वहां मौजूद छात्र नेता बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र रूप धारण करने लगा। स्थिति उस वक्त और अधिक तनावपूर्ण हो गई जब कुछ उत्तेजित एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र नेता सुरक्षा दीवारों और मुख्य गेट पर चढ़कर जबरन विश्वविद्यालय परिसर के अंदर कूद पड़े। अंदर तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। आक्रोशित छात्रों ने तैश में आकर गार्डों से मुख्य गेट की चाबी तक अपने कब्जे में ले ली। गार्डों को पीछे हटना पड़ा, खुला रास्ता छात्रों के इन कड़े तेवर, भारी आक्रोश और लगातार बढ़ते हुए हंगामे को भांपते हुए अंततः मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और विश्वविद्यालय का प्रशासनिक अमला पीछे हटने पर मजबूर हो गया। छात्रों ने खुद मेन गेट का ताला खोल दिया, जिसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य वरिष्ठ नेताओं का काफिला अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद तयशुदा कार्यक्रम के तहत छात्रसंघ भवन परिसर में ही 'छात्रों की गूंज' अभियान के आधिकारिक पोस्टर विधिवत रूप से जारी किए गए। पोस्टर विमोचन के तुरंत बाद एक संक्षिप्त लेकिन जोरदार सभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने ओजस्वी भाषण से कार्यकर्ताओं और युवाओं में अभूतपूर्व जोश भरा। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है, लेकिन सरकारें उनकी उम्मीदों को कुचलने का काम कर रही हैं। बेरोजगारी और पेपर लीक पर तीखा हमला अजय राय ने मीडिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के घोटाले और चरम पर पहुंची बेरोजगारी ने आज युवाओं और छात्र-छात्राओं का भविष्य पूरी तरह से अंधकारमय बना दिया है। जो प्रयागराज कभी देश भर में प्रशासनिक सेवा, सिविल सर्विसेज और उच्च शिक्षा की तैयारी का सबसे बड़ा गढ़ माना जाता था, आज वही शहर बेरोजगारी और प्रशासनिक उदासीनता का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रों के इसी उत्पीड़न और व्यवस्थागत अन्याय के खिलाफ कांग्रेस पार्टी और नेता राहुल गांधी पूरी ताकत से खड़े हैं। इसी श्रृंखला का तीसरा बड़ा चरण अब प्रयागराज में आयोजित होने जा रहा है, जो गूंगी-बहरी सरकार की नींद उड़ाने का काम करेगा। देशभर में 'छात्रों की गूंज' का अभियान कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित यह राष्ट्रीय 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम देश के अलग-अलग संवेदनशील और शैक्षणिक रूप से महत्वपूर्ण हिस्सों में युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय पटल पर लाने के लिए चलाया जा रहा है। इसका पहला सफल चरण राजस्थान के कोटा शहर में आयोजित किया गया था, जहां देश भर के कोचिंग छात्रों की पीड़ा को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके पश्चात दूसरा चरण उत्तराखंड के देहरादून में संपन्न हुआ और अब तीसरा एवं बेहद महत्वपूर्ण चरण उत्तर प्रदेश की पावन धरती प्रयागराज में आयोजित होने जा रहा है। 8 अगस्त को शाम ठीक 5:00 बजे प्रयागराज के ऐतिहासिक केपी कॉलेज मैदान पर यह विशाल सभा आयोजित होगी, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में राहुल गांधी स्वयं उपस्थित रहकर युवाओं, छात्र-छात्राओं और बालिकाओं के सवालों के सीधे जवाब देंगे और उनसे सीधा संवाद स्थापित करेंगे। क्या लिखा है पोस्टर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए जारी पोस्ट में लिखा है कि प्रयागराज चलो इतिहास रचते हैं शिक्षा क्रांति, जॉब दो या इस्तीफा दो, जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा, क्रांति का समय आ गया है, अब छात्रों की गूंज सत्ता की जड़े दिला देगा आदि स्लोगन पोस्टर जारी किए गए। युवाओं से भारी संख्या में जुटने की अपील कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस और एनएसयूआई के तमाम छात्र नेताओं ने शहर के सभी विद्यार्थियों, नौजवान साथियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना आगामी 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी कॉलेज मैदान पहुंचें और इस ऐतिहासिक संवाद का हिस्सा बनकर अपनी आवाज को बुलंद करें। पोस्टर जारी करने के दौरान विवेकानंद पाठक, हसीब अहमद, बृजेंद्र मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, अनिल यादव, मनोज यादव, दिनेश यादव, आदेश शर्मा, अजय पांडेय बागी, आदर्श भदौरिया, अमित द्विवेदी, सौरभ सिंह अहिरवार, सत्यम कुशवाहा आदि सैकड़ो कार्यकर्ता थे।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.