कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चमनगंज में दो भवनों के ऊपरी तल की छतों को ध्वस्त कराने की कार्रवाई शुरू की है। जोन-1 ए की प्रवर्तन टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह अभियान चलाया। दोनों भूखंडों पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने की बात सामने आई है। जांच के दौरान मानक के विपरीत मिली बिल्डिंगें केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी प्रवर्तन जोन-1ए अतुल राय ने अवैध इमारतों के खिलाफ एक्शन लिया। पहले मामले में नूरालम महफूज और अन्य की ओर से चमनगंज स्थित भूखंड संख्या 105/196 पर करीब 350 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण कराया गया था। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बने ऊपरी तल की छत को ध्वस्त करने की कार्रवाई 26 नवंबर से की जा रही है। वहीं, दूसरे मामले में गुड्डू मंसूरी, मो. शाहब खालिद और अन्य की ओर से चमनगंज में भूखंड संख्या 88/110 पर करीब 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण कराया गया था। यहां भी स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बने ऊपरी तल की छत को गिराने की कार्रवाई 28 नवंबर से शुरू की गई है। दोनों मामलों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण चिह्नित KDA ने चमनगंज क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण चिह्नित कर आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही है। इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी भवन या भूखंड को खरीदने से पहले स्वीकृत मानचित्र की जानकारी जरूर प्राप्त करें। भवन निर्माण भी स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही कराएं, ताकि भविष्य में आर्थिक और मानसिक नुकसान से बचा जा सके।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.