भिंड के मेंहगांव में गाली-गलौज करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया था। विरोध करने पर आरोपियों ने बंदूक और कट्टों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से ओम गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। इस हत्याकांड में करीब चार साल तक चली सुनवाई के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय मेंहगांव ने चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही कुल 85 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। अभियोजन के अनुसार, घटना 25 मार्च 2022 की दोपहर करीब 2 बजे की है। पवन गोस्वामी ने पुलिस को बताया था कि सोनी परिवार के लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, लेकिन मोहल्ले के लोगों के समझाने पर पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। अगले दिन आरोपी पक्ष के लोग गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर ओम गोस्वामी ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गोपाल सोनी 12 बोर की बंदूक लेकर आया, जबकि अन्य लोग कट्टे लेकर पहुंचे। इसके बाद सभी ने मिलकर फायरिंग कर दी। गोली ओम गोस्वामी के सीने में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पवन और उसके भाइयों को भी गोली लगी थी। वहीं, तेजाब फेंकने से दो लोग झुलस गए थे। पुलिस ने मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच पूरी की और चालान न्यायालय में पेश किया। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर 27 नवंबर 2026 को न्यायालय ने गोपाल सोनी, गोविंद सोनी, मुकेश सोनी और राकेश सोनी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक अनीष शर्मा और अपर लोक अभियोजक देवेश शुक्ला ने पैरवी की।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.