गोण्डा : CM योगी ने युवाओं ने बांटे टैबलेट, बोले- डिजिटल शिक्षा से बनेगा भविष्य। । । । संवाददाता – वीरेन्द्र कुमार। । दो टूक : डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोण्डा में आयोजित कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के चार जनपदों के 46,800 छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन), गोण्डा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को टैबलेट सौंपे और उनके साथ सेल्फी लेकर उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट महज इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय हैं। डिजिटल तकनीक के माध्यम से युवा घर बैठे ज्ञान और तकनीकी शिक्षा हासिल कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं। विस्तार : मुख्यमंत्री ने गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पांच-पांच विद्यार्थियों को मंच पर टैबलेट वितरित किए। जनपदवार आंकड़ों के अनुसार गोण्डा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। गोण्डा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस को मुख्यमंत्री ने स्वयं टैबलेट प्रदान किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोण्डा सहित देवीपाटन मंडल का इतिहास गौरवशाली रहा है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। गोण्डा और बहराइच में मेडिकल कॉलेज तथा बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों के दौरान साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को तकनीक के सदुपयोग का संदेश देते हुए कहा कि टैबलेट के जरिए शिक्षा, शोध और तकनीकी जानकारी तक पहुंच आसान हुई है। युवाओं को इस सुविधा का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने, कौशल विकसित करने और रोजगार के नए अवसर तलाशने में करना चाहिए। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में सांसद करणभूषण सिंह, आनन्द कुमार गौड़, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, दद्दन मिश्रा, आरती तिवारी, मंत्रा देवी सहित जनप्रतिनिधि एवं विधायक मौजूद रहे। इस दौरान आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, डीआईजी अशोक शुक्ला, जिलाधिकारी रमेश रंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक और मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.