सूरतगढ़ में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को पारस होलसेल भंडार के दो गोदामों पर छापा मारकर करीब 6800 लीटर घी जब्त किया। टीम ने दोनों गोदामों से अलग-अलग ब्रांडों का घी बरामद कर नमूने जांच के लिए लिए और गोदामों को सीज कर दिया। इससे पहले रविवार को इसी फर्म की दुकान से करीब 1520 लीटर घी जब्त किया गया था। इस तरह दो दिनों में दुकान और गोदामों से कुल 8320 लीटर यानी करीब 92 क्विंटल घी जब्त किया जा चुका है। जब्त घी में वास्तु, वांसली और गोपी श्री सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। दो गोदामों में मिला 6800 लीटर घी, सैंपल लेकर किया सीज खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेतराम खुड़िया के नेतृत्व में टीम ने पारस होलसेल भंडार के दोनों गोदामों की जांच की। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, एक गोदाम से करीब 3000 लीटर और दूसरे गोदाम से विभिन्न ब्रांडों का करीब 3800 लीटर घी मिला। टीम ने सभी संबंधित ब्रांडों के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए और शेष घी जब्त कर गोदामों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान गोदामों में रखे अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई। रविवार को दुकान से भी जब्त किया था 1520 लीटर घी गौरतलब है कि रविवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इसी फर्म की दुकान पर छापा मारकर करीब 1520 लीटर घी बरामद किया था। सोमवार को दो गोदामों पर हुई कार्रवाई के बाद कुल जब्ती का आंकड़ा 8320 लीटर पहुंच गया। दो दिनों में हुई इस कार्रवाई से बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग की निगरानी भी चर्चा में है। जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर बाजार में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त घी के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा और पुलिस की टीम रही मौजूद संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेतराम खुड़िया, मंजूबाला, नित्या शर्मा और यशपाल शामिल रहे। वहीं, सिटी पुलिस थाने से सब इंस्पेक्टर विजेंद्र शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल गुलाब सिंह और कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। खबर भेजे जाने तक कार्रवाई जारी थी।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.