लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन्स में रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करना पुलिस की प्राथमिकता है। स्टॉकहोम घोषणा-2020 के अनुरूप वर्ष 2030 तक सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या 50 प्रतिशत तक घटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पूरे महीने विशेष अभियान चलाकर जागरूकता के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार, डीसीपी मध्य/यातायात अर्पित विजयवर्गीय, एडीसीपी यातायात राघवेन्द्र सिंह, एडीसीपी लाइन्स राजेश कुमार यादव और संभागीय परिवहन अधिकारी प्रभात पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सड़क सुरक्षा के लिए 5E पर होगा फोकस पुलिस कमिश्नर ने सड़क सुरक्षा के पांच प्रमुख स्तंभों 5E की जानकारी दी। इसमें एजुकेशन के तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, एनफोर्समेंट के तहत नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, इंजीनियरिंग के तहत दुर्घटना संभावित स्थानों में सुधार, इमरजेंसी केयर के तहत घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता और एनवायरमेंट के तहत सुरक्षित एवं स्वच्छ यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना शामिल है। उन्होंने बताया कि यातायात माह के दौरान स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। हल्के और भारी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियम बताए जाएंगे। प्रमुख चौराहों, हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 400 बाइक सवारों ने हेलमेट पहनकर निकाली रैली कार्यक्रम के बाद पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने करीब 400 बाइक सवारों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से शुरू होकर 1090 चौराहे तक पहुंची। इसमें शामिल सभी बाइक सवार हेलमेट पहनकर निकले और लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली के जरिए लोगों से ओवरस्पीडिंग, स्टंटबाजी, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने की अपील की गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने और एंबुलेंस व फायर सर्विस की गाड़ियों को रास्ता देने का संदेश दिया गया। पुलिस ने लोगों से की ये अपील पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, रेड लाइट का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने और वाहनों का नियमित रखरखाव करने की सलाह दी गई। आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता देने को भी कहा गया।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.