बलरामपुर- जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या की गणना हेतु प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक जनपद की तीनों तहसीलों में सकुशल संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम तहसील बलरामपुर में सीएमएस इंटर कॉलेज, तहसील उतरौला में एचआरए इंटर कॉलेज तथा तहसील तुलसीपुर में ईशावास्यम इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन एवं अन्य आवश्यक विषयों की जानकारी प्रदान की गई। *तुलसीपुर में भोजन की शिकायत पर तत्काल की गई सुधारात्मक कार्यवाही* तहसील तुलसीपुर के ईशावास्यम इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को कुछ प्रगणकों/शिक्षकों द्वारा दोपहर के भोजन की गुणवत्ता के संबंध में शिकायत की गई थी। उक्त शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार तुलसीपुर ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा भोजन बदलवाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराई। इसके उपरांत उपजिलाधिकारी तुलसीपुर द्वारा प्रशिक्षण स्थल पर भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की गई तथा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए। *एसडीएम एवं तहसीलदार ने प्रशिक्षणार्थियों के साथ स्वयं किया भोजन* दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण के अंतिम दिन उपजिलाधिकारी तुलसीपुर एवं तहसीलदार तुलसीपुर ने ईशावास्यम इंटर कॉलेज स्थित प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठकर स्वयं भी दोपहर का भोजन किया तथा भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों के साथ स्वयं भोजन किए जाने का उद्देश्य भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष निगरानी करना तथा प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। उपजिलाधिकारी तुलसीपुर द्वारा प्रशिक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारु रूप से संचालित हो सके। *तीनों तहसीलों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सकुशल संपन्न* जनपद की तीनों तहसीलों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सकुशल संपन्न हुआ। हिन्दी संवाद न्यूज से रिपोर्टर वी. संघर्ष बलरामपुर।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.