नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से न्यूड फोटो और वीडियो मंगवाने का मामला सामने आया है। इसके बाद आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया। पुलिस ने इस मामले में रायपुर के शिवा निषाद (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर युवती से संपर्क किया था। पुलिस ने 24 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। यह मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई थी। इसी आईडी के जरिए उसने युवती से संपर्क किया। 18 अक्टूबर को आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर से युवती को मैसेज कर काम करने के बारे में पूछा। युवती ने काम करने की सहमति दी तो आरोपी ने उसे दुर्ग में होम सर्विस का काम दिलाने का झांसा दिया। नौकरी दिलाने के नाम पर मांगी फोटो और वीडियो आरोपी ने युवती से कहा कि काम दिलाने के लिए उसे दो सामान्य फोटो और एक न्यूड फोटो के साथ वीडियो भेजना होगा। युवती उसकी बातों में आ गई और उसने अपने वॉट्सऐप से दो सामान्य फोटो, एक न्यूड फोटो और करीब दो सेकंड का वीडियो भेज दिया। इसके बाद जब आरोपी के मोबाइल से मैसेज आने लगे, तब युवती को पता चला कि फेसबुक पर महिला के नाम से बात करने वाला व्यक्ति पुरुष है। उसकी पहचान शिवा निषाद के रूप में हुई। इसके बाद आरोपी युवती से पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं देने पर न्यूड फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी पुलिस के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर आरोपी ने युवती को राजनांदगांव में होम सर्विस का काम करने के लिए कहा। युवती ने मना किया तो आरोपी ने उसकी न्यूड फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इससे परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर नेवई थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और उसे थाने बुलाया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने 24 अक्टूबर को दोपहर 2:25 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। रायपुर का रहने वाला है आरोपी पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवा निषाद (40) रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामसागरपारा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 319 और 351 के तहत मामला दर्ज किया है।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.