छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा किया गया और करोड़ों के प्रस्ताव कार्यों को हरी झंडी दी गई। इसमें शहर के तालाब, उद्यान, ऑक्सीजोन, जलापूर्ति और सब्जी मंडियों समेत विभिन्न प्रस्ताव मंजूरी दी गई। बैठक में NTPC लारा के सीएसआर मद से 12 करोड़ 49 लाख 97 हजार रुपए की लागत से शहर में 8 महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें जयसिंह तालाब उन्नयन, कलेक्ट्रेट व न्यायालय परिसर के सामने स्मृति उद्यान, सर्किट हाउस के सामने दिव्यांग-अनुकूल ऑल एबिलिटी पार्क व शेड, गांधीगंज विकास, मिट्ठुमुड़ा और फटहामुड़ा तालाब में फुटपाथ और अन्य विकास काम शामिल हैं। इसके अलावा पंचतत्व उद्यान में फुटपाथ निर्माण व उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। इन कामों से शहर के मुख्य सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने के साथ लोगों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पाइपलाइन बिछाने की निविदा को मंजूरी दी गई शहर की जलापूर्ति व्यवस्था के विस्तार की दिशा में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 153.91 लाख की लागत से कोतरा रोड फ्लाईओवर से बरमुड़ा-नंदेली रोड तक डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने की निविदा को मंजूरी दी गई। वहीं ग्राम बड़े रामपुर में प्रस्तावित 17 एमएलडी इंटेकवेल के भविष्य के विस्तार व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी भूमि के आपसी तबादले संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। सब्जी मंडियों को व्यवस्थित किया जाएगा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेज के सामने नजूल भूमि पर सुव्यवस्थित सब्जी मंडी व 480 वर्गमीटर में पौनी पसारी शेड निर्माण को मंजूरी दी गई। सारंगढ़ बस स्टैंड के समीप नजूल भूमि पर प्रस्तावित सब्जी मंडी निर्माण काम को गति देने का निर्णय भी लिया गया। वहीं कोतरा रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित पसरा शेडों को डिस्मेंटल कर सुव्यवस्थित सब्जी मंडी विकसित करने व खाली भूमि पर नियमानुसार लीज पर स्थान आबंटित करने संबंधी प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। दोनों ही जगहों सब्जी विक्रेताओं की व्यवस्थापन की जगह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति बैठक में राष्ट्रीय परिवार सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की पात्रता जांच के बाद 10 पात्र हितग्राहियों को वृद्धावस्था, विधवा व सुखद सहारा पेंशन की स्वीकृति दी गई। इससे पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा। दो नई कॉलोनियों के नाम को स्वीकृति सेवा ही संकल्प अभियान के तहत उर्दना मोड़ स्थित तिराहे का नाम सेवा ज्योति संकल्प चैक रखने का निर्णय लिया गया। वहीं सिंधी समाज की मांग पर वार्ड क्रमांक 22 एवं 23 स्थित पक्की खोली का नाम श्री झूलेलाल कॉलोनी तथा कच्ची खोली का नाम संत कंवर राम कॉलोनी किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में एमआईसी सदस्यों द्वारा एजेंडा से संबंधित प्रश्न व जिज्ञासा की पूर्ण जानकारी कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दी।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.