आगर मालवा के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा में शारदीय नवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बुधवार रात हुई बैठक में दर्शन, हवन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई फैसले लिए गए। नवरात्रि के दौरान मंदिर के पट रात 11 बजे तक खुले रहेंगे, वहीं हवन-पूजन रात 10 बजे तक ही किए जा सकेंगे। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने नलखेड़ा में जुटने वाली लाखों भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुविधाएं जुटाने के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। दर्शन के लिए बनेंगी 4 कतारें श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू रखने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में भीड़ न बढ़े, इसके लिए दर्शन के लिए चार अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी। लाइन में खड़े भक्तों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था रहेगी। स्थानीय निवासियों के लिए रोजाना सुबह 10.30 बजे वीआईपी लाइन से दर्शन कराने का फैसला लिया गया है। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए मोबाइल टॉयलेट और सुविधाघर भी लगाए जाएंगे। तय पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे वाहन नवरात्रि में बड़ी संख्या में आने वाली गाड़ियों की वजह से जाम न लगे, इसके लिए पार्किंग स्थल तय कर दिए गए हैं। मंदिर मुख्य द्वार के पास वीआईपी पार्किंग होगी और यात्री सदन के पास आम पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वाहनों को इन्हीं तय जगहों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा। बैठक में प्रशासनिक अफसरों, जनप्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने तैयारियों को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.