फिरोजाबाद में तदर्थ सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में बुधवार रात भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। रात करीब 8:30 बजे राधाकृष्ण मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रास्ते को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया गया था। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तीन दर्जन से ज्यादा झांकियां शामिल शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर से शुरू होकर छोटा चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, गंज चौराहा, डाकखाना चौराहा, माता वाला बाग और रामलीला चौराहा होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। सबसे आगे विघ्नहर्ता भगवान गणेश का डोला चल रहा था। इसके पीछे कैलादेवी, मां दुर्गा, हनुमान जी, राधाकृष्ण, रामदरबार, खाटू श्याम, बिहारी जी महाराज, काली अखाड़े, वानर सेना और राक्षस सेना समेत तीन दर्जन से अधिक झांकियां शामिल थीं। झांकियों में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं की झलक दिखाई गई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’ के जयकारे लगाते रहे। रथ पर सवार रहे राम-जानकी और दशरथ शोभायात्रा के अंतिम छोर पर माता जानकी, भरत और शत्रुघ्न के साथ महाराज दशरथ तथा भगवान श्रीराम-लक्ष्मण के साथ गुरु विश्वामित्र रथ पर विराजमान थे। रामलीला मैदान पहुंचने पर भगवान श्रीराम और माता जानकी का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद रामबारात में सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, एसएसपी आदित्य लांग्हे, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.