मेरठ शहर के बाजारों में संयुक्त व्यापार संघ के आह्वान पर काले झंडे लगाने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों और आसपास के स्थानों पर काले झंडे लगाकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि झंडे लगाने का कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा। इधर, संयुक्त व्यापार संघ नवीन गुप्ता गुट के पदाधिकारियों ने व्यापारियों और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह को सौंपा। व्यापारियों ने डीएम से ज्ञापन को अपनी संस्तुति के साथ प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजने का अनुरोध किया। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान प्रकरण से हजारों व्यापारी, दुकानदार, कर्मचारी और श्रमिक प्रभावित हो रहे हैं। इससे उनके परिवारों की आजीविका और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। व्यापारियों ने न्यायपालिका के आदेशों के सम्मान की बात कहते हुए कानून के दायरे में व्यावहारिक और स्थायी समाधान की मांग की। व्यापारियों ने पुराने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के मामलों के लिए विशेष नीति बनाने, प्रभावित क्षेत्रों का निष्पक्ष सर्वेक्षण कराने और संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर देने की मांग की। साथ ही जहां प्रतिष्ठानों को बनाए रखना कानूनी रूप से संभव न हो, वहां वैकल्पिक व्यापारिक स्थल, स्पष्ट लीज शर्तों और अंतरिम सहायता की व्यवस्था पर विचार करने का सुझाव दिया। झंडे घरों में तैयार कर रहे व्यापारी उपाध्यक्ष तरूण गुप्ता ने बताया कि काले झंडे खरीदने के लिए बाजार में पहुंचने वाले लोगों को झंडे बेचने से दुकानदारों को पुलिस की ओर से मना किया गया है। इसके बाद कई व्यापारी अब अपने घरों में ही काले झंडे तैयार कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार ये झंडे गुरुवार शाम से बाजारों में बड़ी संख्या में दिखाई दे सकते हैं। संयुक्त व्यापार संघ का कहना है कि काले झंडों के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इसके साथ ही बीते दिन जहां सर्राफा बाजार में झंडे लगे थे तो आज कागजी बाजार, वैली बाजार में भी झंडे देखने को मिले।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.