मुंबई, तीन सितंबर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को 22 पैसे की मजबूती के साथ 94.51 पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा जमा में उम्मीद से काफी अधिक राशि जुटने से देश के भुगतान संतुलन की स्थिति में सुधार होने से रुपये को समर्थन मिला। भारतीय रिजर्व बैंक ने एक विशेष कार्यक्रम के तहत एफसीएनआर (बी) यानी विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा के जरिये 127.23 अरब डॉलर जुटाए हैं। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा में विदेशों से लिए गए कर्ज (ओएफसीबी) और विदेशी वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) सहित इन उपायों के तहत कुल पूंजी प्रवाह 136.377 अरब डॉलर रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.30 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.26 के ऊंचे स्तर तक गया और 94.66 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में रुपया बृहस्पतिवार को 94.51 प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 22 पैसे की बढ़त है। रुपया बुधवार को 22 पैसे की तेजी के साथ 94.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे पहले मंगलवार को रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 94.95 प्रति डॉलर पर रहा था। वहीं सोमवार और शुक्रवार को भी रुपये में क्रमश: 21 पैसे और दो पैसे की तेजी दर्ज की गई थी। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘भारी एफसीएनआर जमा प्रवाह और एफआईआई की खरीदारी से रुपये में तेज मजबूती आई। डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी तथा येन में तेज मजबूती ने भी रुपये को समर्थन दिया।’’ इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.22 पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.85 प्रतिशत चढ़कर 96.44 डॉलर प्रति बैरल हो गया। यह तेजी होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच आई। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 417.49 अंक टूटकर 76,152.86 अंक पर जबकि निफ्टी 41 अंक की गिरावट के साथ 23,873.45 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 2,345.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.