Technology
1d ago हिंदी
Vande Bharat Sleeper Train: कैसी है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन? मुंबई-बेंगलुरु के बीच जल्द होगी शुरू, रफ्तार से लेकर जानें इसकी खासियत
Vande Bharat Sleeper Train Mumbai to Bangalore: वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत विकसित किया गया है. 16 कोच वाली यह वातानुकूलित ट्रेन विशेष रूप से लंबी दूरी की रातभर की यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. ट्रेन की परीक्षण गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा और प्रस्तावित परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है. इसकी आधुनिक तकनीक का उद्देश्य यात्रा के समय को कम करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधा देना है. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 बर्थ की व्यवस्था होगी. इनमें फर्स्ट एसी में 24, सेकंड एसी में 188 और थर्ड एसी में 611 बर्थ शामिल हैं. इससे यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा श्रेणी चुनने का विकल्प मिलेगा. रातभर की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए ट्रेन में 52 वैक्यूम टॉयलेट, सीलबंद गैंगवे और मिनी-पैंट्री जैसी सुविधाएं दी गई हैं. इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर स्वच्छता, आराम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है. सुरक्षा के लिए कवच और सीसीटीवी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में स्वदेशी ‘कवच’ ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी और आग बुझाने की व्यवस्था शामिल की गई है. इसके अलावा, ट्रेन में दुर्घटना के दौरान सुरक्षा और अग्नि-सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं भी दी गई हैं. ऊर्जा की खपत कम करने के लिए इसमें रीजनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इस तकनीक के जरिए ब्रेक लगाने के दौरान उत्पन्न होने वाली ऊर्जा का दोबारा उपयोग किया जा सकता है, जिससे ऊर्जा दक्षता बेहतर होती है. मुंबई-बेंगलुरु रूट पर कब होगा उद्घाटन? मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव यात्रियों के लिए अहम हो सकता है. मुंबई और बेंगलुरु के बीच बड़ी संख्या में लोग काम, कारोबार और अन्य जरूरतों के लिए यात्रा करते हैं. ऐसे में आधुनिक स्लीपर ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को रात में आरामदायक रेल सफर का नया विकल्प मिल सकता है. हालांकि, इस प्रस्तावित रूट पर ट्रेन के उद्घाटन, किराए, ठहराव और नियमित परिचालन की तारीख की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी. लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगा नया विकल्प वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सुरक्षा और आरामदायक बर्थ के साथ लंबी दूरी की रेल यात्रा को नया स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. इसके शुरू होने से यात्रियों को पारंपरिक लंबी दूरी की ट्रेनों के मुकाबले आधुनिक सुविधाओं वाला एक और विकल्प मिलने की उम्मीद है. (मुंबई से श्वेता वर्मा की रिपोर्ट)